छत्तीसगढ़ के जशपुर में नाबालिग से छेड़छाड़ और रेप के मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर में नाबालिग से छेड़छाड़ और रेप के मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पैसे देकर मामले को दबाने और थाने न जाने की धमकी दी थी। इसके अलावा जान से मारने की भी धमकी दी गई थी। नारायणपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 35 वर्षीय भतीजी और 13 वर्षीय बेटी बहन के घर मेहमान थी। 17 फरवरी को अपने गांव लौट रही थीं।

शाम के समय रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों ने दोनों के साथ छेड़छाड़ की। भतीजी घर भागी और अपने चाचा को जानकारी दी। जिसके बाद वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्हें आता देख सभी आरोपी फरार हो गए। इसके बाद वे अपनी 13 वर्षीय बेटी को घर ले आए।

दो दिन बाद नाबालिग ने बताया कि घटना वाले दिन एक आरोपी उसे कुछ दूर ले गया। मना करने के बावजूद उसने जबरन जमीन पर पटक कर दुष्कर्म किया। अन्य आरोपी थोड़ी दूरी पर खड़े होकर घटना देखते रहे।

वारदात की जानकारी गांव में फैलने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता को पैसे देकर मामला दबाने का प्रयास किया। थाने में शिकायत न करने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी गई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

नारायणपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) समेत पॉक्सो एक्ट की धारा 5, 6 के तहत केस दर्ज किया गया। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।

चार विशेष टीमों ने कुछ घंटों में पकड़े आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल चार विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी नौ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। इनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।

आरोपियों की पहचान

मुख्य आरोपियो में नीरज लकड़ा (23) और 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। जबकि सहयोगियों में समीर मिंज (28), तेलेस्फोर मिंज (40), आनंद मिंज (38), रितेश कुमार टोप्पो (29), सुनीत तिर्की (30), अविनाश तिर्की (25) और सत्या मिंज (24) शामिल है।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद सभी बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

इस मामले में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर पुलिस संवेदनशील है, ऐसे मामलों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।