गरियाबंद के किसानों के हक का सवाल : सिकासार जलाशय का पानी पहले जिले को मिले — संजय नेताम

Chhattisgarh Crimes

पूरन मेश्राम/गरियाबंद।

जिले के किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय सिकासार–कोडार नहर लिंकिंग परियोजना को लेकर बजट सत्र 2026–27 में लगभग 3047 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि यह स्वागत योग्य है कि सरकार ने परियोजना के लिए बजट स्वीकृत किया है, लेकिन इससे पहले गरियाबंद जिले के किसानों के हितों को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।नेताम ने कहा कि आज भी गरियाबंद जिले के सैकड़ों गांव ऐसे हैं जहां किसान सिंचाई के पानी के अभाव में परेशान हैं। यदि सिकासार जलाशय से पानी को अन्य जिले की ओर मोड़ा जाता है और स्थानीय किसानों को इसका लाभ नहीं मिलता, तो यह जिले के किसानों के साथ अन्याय होगा।जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में जिन योजनाओं को स्वीकृति मिली है, उन सभी पर चर्चा होगी। इसलिए गरियाबंद जिले के दोनों विधायक—राजिम विधानसभा से विधायक रोहित साहू और बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा से विधायक जनक ध्रुव को इस विषय को मजबूती से विधानसभा में उठाना चाहिए।नेताम ने कहा कि गरियाबंद जिले की जनता और किसानों ने अपने जनप्रतिनिधियों को विश्वास के साथ विधानसभा तक भेजा है। ऐसे में यह समय है कि वे सदन में जिले के किसानों के हक की आवाज बुलंद करें और यह सुनिश्चित करें कि पहले गरियाबंद जिले के गांवों और किसानों को सिंचाई का पूरा लाभ मिले, उसके बाद ही अन्य जिलों की ओर पानी भेजने पर विचार किया जाए।

नेताम ने किसानों के हित में कहा कि “किसान ही देश की रीढ़ हैं, और यदि किसानों के अधिकारों की अनदेखी होगी तो यह पूरे क्षेत्र के विकास के लिए चिंताजनक स्थिति होगी।”

उन्होंने कहा कि गरियाबंद जिले के किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन भी किया जाएगा।