कोंडागांव पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया

कोंडागांव पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से 171 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई 24 फरवरी को की गई।

जब्त की गई सामग्री में मध्य प्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड की 950 अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 171 बल्क लीटर और कीमत 1,21,600 रुपए है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार (CG.04 QE 1421) भी जब्त की गई है।

जिसकी अनुमानित कीमत 8,00,000 रुपए है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी कीमत लगभग 40,000 रुपए है। कुल जब्त सामग्री का मूल्य 9,61,600 रुपए आंका गया है।

पुलिस को 24 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में अवैध अंग्रेजी शराब दुर्ग-भिलाई से जगदलपुर की ओर ले जाई जा रही है। इस सूचना पर थाना और साइबर सेल कोंडागांव की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

इन्हें किया गया गिरफ्तार

टीम ने कनेरा रोड, जगदलपुर बायपास चौक, कोंडागांव पर नाकाबंदी की। रायपुर की ओर से बायपास रोड पर आती संदिग्ध सफेद कार को रोका गया। कार में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान निहाल सिंह भाटिया (24 वर्ष, निवासी अभनपुर, रायपुर), दिनेश बुनकर (27 वर्ष, निवासी आलबेडापारा, कोंडागांव) और रूपेश उर्फ राजा सोनी (24 वर्ष, निवासी विकासनगर, कोंडागांव) के रूप में हुई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।