सरगुजा के एक अधिकारी के स्वाइन फ्लू (H1N1) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। परिवार के अन्य सदस्य स्वस्थ हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद सरगुजा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा सेंट्रल जेल से जुड़े एक अधिकारी परिवार के साथ कांकेर गए थे। वहां उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया और H1N1 की जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
नोडल अधिकारी बोले-सरगुजा में कोई और मरीज नहीं
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि अधिकारी के H1N1 वायरस से संक्रमित होने की सूचना मिली है। वे परिवार के साथ कांकेर गए थे। अधिकारी सरगुजा में रहते हुए संक्रमित हुए या रायपुर-कांकेर प्रवास के दौरान, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारी के परिवार की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर ली है। परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं और किसी में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं। फिलहाल सरगुजा जिले में स्वाइन फ्लू का कोई अन्य पॉजिटिव मरीज नहीं है।
अलर्ट पर स्वास्थ्य अमला, मेडिकल कॉलेज में एंटी वायरल दवाएं नहीं
डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि सरगुजा में स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर है। गंभीर मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखने की व्यवस्था की गई है। फिलहाल अंबिकापुर के वायरोलॉजी लैब में H1N1 वायरस की जांच की सुविधा नहीं है। जांच के लिए मरीजों के सैंपल रायपुर भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में फिलहाल स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एंटी वायरल दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके लिए CGMSC को सूचना दी गई है। दवाओं की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने लोगों को लगातार बुखार रहने, सर्दी ठीक नहीं होने या सीने में जकड़न की शिकायत होने पर जांच कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू की समय पर पहचान होने पर इसका आसानी से इलाज किया जा सकता है।