छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान आयोजकों ने उन्हें शांत कराया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है न ही किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद छात्र 2 गुटों में बट गए।

ABVP ने किया था रंगोत्सव कार्यक्रम

दरअसल, बुधवार (25 फरवरी) को सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थानीय इकाई ने होली से पहले रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने होली के पहले डीजे की धुन पर जमकर डांस किया और रंग-गुलाल उड़ाए।

स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुआ विवाद

कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हो गया, फिर देखते ही देखते आपस में मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र जबरन स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसका दूसरे छात्रों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए।

विवाद इतना बढ़ा कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद छात्र भी बीच-बचाव नहीं कर पाए। विवाद बढ़ने और मारपीट शुरू होते ही छात्र एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाने लगे। विवाद बढ़ते देखकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें समझाइश देकर शांत कराया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रंगोत्सव के माहौल में छात्र एक-दूसरे को धक्का देते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मामले की शिकायत न तो पुलिस से की गई है और न ही पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई की है।

AVBP नेता बोले- छात्रों में हुआ मामूली विवाद

AVBP के यूनिवर्सिटी ईकाई के पूर्व अध्यक्ष आराध्य तिवारी ने बताया कि, होली सेलिब्रेशन के दौरान लॉ के स्टूडेंट्स के बीच आपस में विवाद हुआ था। उन्हें समझाइश देकर शांत करा लिया गया है। विवाद बड़ा नहीं था। मामूली रूप से मारपीट हुई है।

सीयू इकाई अध्यक्ष तुषार साहू ने भी स्पष्ट किया कि कुछ अज्ञात तत्वों ने कार्यक्रम का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था, लेकिन मामला बाद में शांत हो गया।