छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला के बागबहार थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना 16 फरवरी 2026 की रात की है। पीड़िता गांव में नाटक देखने गई थी। देर रात घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। 17 फरवरी की रात वह बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे अचेत मिली। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पत्थलगांव के पीएचसी रेफर किया गया।
इलाज के दौरान पीड़िता ने मां को पूरी आपबीती बताई। उसने बताया कि नाटक से लौटते समय दो युवकों ने “घर छोड़ने” का झांसा दिया। बाइक पर बैठाकर उसे जंगल की ओर ले गए, जहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया। अचेत होने पर उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
जीरो FIR से शुरू हुई कार्रवाई
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना पत्थलगांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 138, 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत शून्य पर FIR दर्ज की गई। मामला बागबहार थाना क्षेत्र का होने से केस वहां स्थानांतरित किया गया। इसके बाद बागबहार थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू हुई।
काले-गुलाबी रंग की बाइक बनी अहम सुराग
पीड़िता ने बताया कि आरोपी काले-गुलाबी रंग की बाइक पर थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध बाइकों की जांच शुरू की। तकनीकी टीम की मदद से एक संदिग्ध पल्सर बाइक की जानकारी मिली।
मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश यादव गिरफ्तार
संदिग्ध बाइक के आधार पर पुलिस ने सत्यप्रकाश यादव (28) को थाना पत्थलगांव क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद अपराध स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि नाटक देखकर लौटते समय उसने लड़की को अकेले देखा। पहले खुद दुष्कर्म किया, फिर साथियों को बुलाकर वारदात दोहराई। पीड़िता के अचेत होने पर सभी आरोपी भाग निकले। पहचान परेड में पीड़िता ने उसे पहचान लिया।
25 फरवरी 2026 को उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
दूसरा आरोपी पीताम्बर लहरे भी पकड़ा गया
सत्यप्रकाश की निशानदेही पर पुलिस ने पीताम्बर लहरे (30) को 28 फरवरी 2026 को थाना सीतापुर क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक आरोपी अब भी फरार, तलाश तेज
मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान हो चुकी है। वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है।
SSP बोले- महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख
SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।