राजनांदगांव में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और अशांति फैलाने वाले कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरीनगर अचानकनगर के पास दो व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इमरान अहमद सिद्धिकी (33 वर्ष) और मो. अदनान कुरैशी (28 वर्ष) को पकड़ा।

आरोपियों के पास से कुल 5.947 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत 59,470 रुपए आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

शांति भंग करने के आरोप में दो बदमाश गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में चिखली पुलिस ने क्षेत्र के दो आदतन बदमाशों, तौफिक खान (27 वर्ष) और दिव्यांस भावे (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। ये आरोपी मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों से विवाद कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे।

किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 170, 126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि त्यौहार के दौरान अवैध नशा और शांति भंग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।