बस्तर जिले के ग्राम कलचा में एक युवती को रंग-गुलाल लगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चार युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दो युवकों की हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कलचा में मेला का आयोजन किया गया था। यहां रंग-गुलाल खेला जा रहा था। बताया जा रहा है कि 2 युवक एक युवती को रंग-गुलाल लगा रहे थे। जिसके बाद उसके बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों को जब इसकी जानकारी मिली तो 4 लोगों ने मिलकर दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में उमेश बघेल (23) और रोहित बघेल (17) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए गए। कुछ ही देर के बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने नगरनार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस बोली- जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल जांच जारी है। जांच के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।