छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज सड़क से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। सदन में ध्यानाकर्षण और प्रश्नकाल के दौरान खराब सड़कों, सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों, स्वास्थ्य केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से जुड़े सवाल उठेंगे। सत्ता पक्ष के विधायक पुन्नूलाल मोहले सदन में ध्यानाकर्षण के जरिए प्रदेश में खराब और जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाएंगे। वे अलग-अलग जिलों में सड़कों की खराब स्थिति और इससे लोगों को हो रही परेशानियों का मामला सदन के सामने रखेंगे।
साथ ही सड़कों के मरम्मत और निर्माण को लेकर सरकार की योजना और कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगेंगे। साथ ही तीन मंत्रियों के बजट अनुदान पर चर्चा होगी। ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों पर सवाल
प्रश्नकाल के दौरान विधायक किरण देव मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों का मुद्दा उठाएंगे। वे पूछेंगे कि इस योजना के तहत किन-किन क्षेत्रों में सड़कों को मंजूरी दी गई है और उनकी निर्माण स्थिति क्या है।
इसके साथ ही स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य और उसकी प्रगति से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी।
सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का मामला उठेगा
अकलतरा विधायक राघवेन्द्र सिंह प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का मुद्दा उठाएंगे। वे सरकार से पूछेंगे कि सड़क हादसों को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आगे क्या योजना बनाई गई है।
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं को लेकर सवाल
बीजेपी विधायक लता उसेंडी प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सरकार से सवाल करेंगी। वे स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों और अन्य संसाधनों की स्थिति से जुड़ी जानकारी मांगेंगी।