छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 3 युवकों ने एक बंगाल मॉनिटर लिजार्ड (गोह) को जंगल में पकड़ लिया। उसे पकड़ते और हथियार से पैर काटते हुए वीडियो भी बनाया। आरोप है कि, युवकों ने इसे शराब के साथ चखना बनाने के लिए गोह को पकाया और खा गए।
एक युवक ने पूरी घटना का रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने तीनों युवकों को पकड़ लिया है। आरोपी हुंगा ओयाम (30), कोसा ओयामी (39) और नंदाराम ओयामी (36) खूंटेपाल गांव के रहने वाले हैं। मामला जिले के श्यामगिरी इलाके का है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, इंस्टाग्राम पर हुंगा ओयाम नाम की आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में 2 युवक मॉनिटर लिजार्ड को पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक कैमरे के सामने इसे शराब के साथ चखना बनाने की बात कहता नजर आ रहा है।
इसके बाद मॉनिटर लिजार्ड को पकड़कर उसके साथ क्रूरता किए जाने के दृश्य भी दिखाई देते हैं। वीडियो में युवक चाकू से उसके पैर काटते हुए नजर आ रहे हैं। बाद में इसे पकाकर खाने की बात सामने आई है।
वीडियो वायरल हुआ तो वन विभाग तक पहुंची जानकारी
बताया जा रहा है कि वीडियो वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद टीम एक्शन में आई। PCCF के निर्देश पर बचेली रेंजर प्रीतेश पांडेय और उनकी टीम ने श्यामगिरी क्षेत्र में युवकों की तलाश शुरू की। टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को पकड़ लिया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, तीनों को वन विभाग की टीम अपने साथ लेकर आई है और मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बोर उत्खनन करने वाली गाड़ी में काम करते हैं।
3 से 4 महीने का बताया जा रहा मॉनिटर लिजार्ड
वन विभाग के अनुसार, जिस मॉनिटर लिजार्ड का शिकार किया गया, उसकी उम्र करीब 3 से 4 महीने बताई जा रही है। इसके शिकार पर भी 3 से लेकर 7 साल तक की सजा का प्रावधान है। यही सजा टाइगर या अन्य जीव के शिकार पर भी मिलती है।