जांजगीर-चांपा जिले में बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बेटे को शराब पीने से रोकने पर उसने यह कदम उठाया, जिससे मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के पोड़ी गांव का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान दयाशंकर कश्यप (34) के रूप में हुई है। दयाशंकर को शराब पीने की लत थी, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
11 मार्च की सुबह भी इसी बात को लेकर आरोपी और उसकी मां के बीच कहासुनी हुई थी। मां लगातार शराब पीने से मना करती रही, तभी गुस्से में आकर दयाशंकर ने घर में रखे कुल्हाड़ी से मां के गले पर हमला कर दिया।
घायल महिला का इलाज जारी
हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फौरन अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।