सूरजपुर जिले के ग्राम करंजवार में नर हाथी का शव गेंहू के खेत में मिला है। हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। हाथी तीन-चार दिनों से इलाके में घूम रहा था। सुबह हाथी का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामला प्रतापपुर वन परिक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर से लगे करंजवार में शुक्रवार सुबह एक नर हाथी का शव गेंहू के खेतत में पड़ा मिला। मृत नर हाथी की उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई है। हाथी के सूंढ़ में काले निशान मिले हैं, जिसके कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर वनविभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
हाथी की मौत से हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा हाथी की मौत की सूचना पर सूरजपुर डीएफओ डीपी साहू, एसडीओ फारेस्ट संस्कृति बारले सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओ संस्कृति बारले ने कहा कि हाथी के मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। आसपास करंट लगाने का कोई निशान नहीं मिल रहा है।
संस्कृति बारले ने बताया कि चिकित्सकों की टीम हाथी के शव का पोस्टमार्टम कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। जहां हाथी का शव मिला है, वहां महज कम उंचाई के खेत हैं।
इलाके में पांच हाथियों का ग्रुप जिस हाथी की मौत हुई है, वह दल से अलग विचरण कर रहा था। वनविभाग के अनुसार प्रतापपुर क्षेत्र में वर्तमान में पांच दंतैल हाथी खड़गवां के पास विचरण कर रहे हैं। हाथियों का एक दल राजपुर वन परिक्षेत्र में चला गया है। मृत हाथी की मौजूदगी की सूचना आसपास के गांवों को दी गई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।