शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल सरस्वती नगर रेलवे फाटक को 16 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। रेलवे ट्रैक की आवश्यक मरम्मत के चलते गुरूवार, 12 मार्च से सुबह 10 बजे बंद कर दिया गया है। इस फाटक से 27 मार्च रात 10 बजे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत रायपुर-सरोना रेल खंड पर स्थित सरस्वती नगर समपार फाटक (संख्या 832/12-14) की अप लाइन पर जरूरी मरम्मत कार्य किया जाएगा।
इस दौरान फाटक पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को करीब 16 दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सरस्वती नगर फाटक शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है। इस रास्ते से कोटा क्षेत्र और आसपास की कई कॉलोनियों के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं। फाटक बंद रहने के कारण अब लोगों को जीई रोड पहुंचने के लिए करीब 2 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
मरम्मत के बाद स्थायी रूप से बंद होगा फाटक
रेलवे प्रशासन की योजना इस फाटक को स्थायी रूप से बंद करने की है। हालांकि इसे पूरी तरह बंद करने से पहले सुरक्षा और वैकल्पिक मार्ग से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। फाटक बंद होने के बाद रेलवे को ट्रेन संचालन में सुविधा होगी और ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित नहीं होगी।
आमानाका अंडरब्रिज से मिलेगी राहत
लोगों की सुविधा के लिए सरस्वती नगर फाटक से आमानाका अंडरब्रिज तक पहुंचने के लिए करीब 600 मीटर लंबी और 6 मीटर चौड़ी कंक्रीट सड़क बनाई गई है। लगभग पौने दो करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क के जरिए लोग अब आमानाका अंडरब्रिज से आसानी से आ-जा सकेंगे।
100 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं रोज
मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित इस फाटक से प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। बार-बार फाटक बंद होने की वजह से यहां सुबह 10 से 12 बजे और शाम 5 से 9 बजे तक दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग जाता है। कई बार इस जाम में स्कूली बसें भी फंस जाती हैं, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी होती है और दफ्तर जाने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।