जांजगीर-चांपा जिले में नशीली कैप्सूल के अवैध कारोबार के मामले में चांपा पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले में नशीली कैप्सूल के अवैध कारोबार के मामले में चांपा पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 880 नशीली कैप्सूल जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8200 रुपये है। इन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। यह कार्रवाई अवैध नशीली दवाओं की सप्लाई चेन की एंड-टू-एंड विवेचना के तहत की गई।

मामले की शुरुआत 10 फरवरी 2026 को हुई थी, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति कोरबा से कोसमंदा गांव की ओर नशीली कैप्सूल लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी की।

जांच के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BM 2797) पर सवार रामकिशोर कश्यप और प्रदीप पटेल को रोका गया। तलाशी में उनके पास से 469 स्ट्रिप में कुल 3752 नशीली कैप्सूल मिलीं, जिनकी कीमत लगभग 34,813 रुपये थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए थे। दोनों आरोपियों को उसी समय गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मामले की आगे की जांच की जा रही थी। एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई।

पुलिस ने कोरबा जिले से प्रकाश चौहान (32 वर्ष), निवासी जेपी कॉलोनी रामनगर, और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू (27 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, वार्ड नंबर 2 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने नशीली कैप्सूल के अवैध कारोबार में शामिल होना माना है । उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।