राजनांदगांव में आईडीमी रोड से बसंतपुर रोड तक करीब 3 किलोमीटर की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव में आईडीमी रोड से बसंतपुर रोड तक करीब 3 किलोमीटर की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। लोगों ने यहां पैरों से सड़क उखाड़ दी और वीडियो बना लिया। इसे वायरल कर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने ठेकेदार को नोटिस दिया और जांच की बात कही।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार लेखराम साहू के प्लांट में तकनीकी खराबी के चलते डामर अत्यधिक गर्म हो गया था, जिसे फिर भी सड़क पर बिछा दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह सड़क बारिश का एक सीजन भी नहीं झेल पाएगी।

निर्माण में ‘ओवरहीट’ डामर का इस्तेमाल

राजनांदगांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ये सड़क बन रही है। जांच में पता चला है कि ठेकेदार ने सड़क निर्माण में ‘ओवरहीट’ डामर का इस्तेमाल किया था।

यह तकनीकी रूप से अनुपयुक्त होने के कारण यह डामर सड़क पर ठीक से पकड़ नहीं बना पाया, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हुई।

सड़क की खराब गुणवत्ता के कारण विभाग को बिछाए गए डामर को ग्रेडर से हटवाना पड़ा।

ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस

पीआईयू के ईई बी.एस. पटेल ने बताया, ‘ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा पाई जाती है, तो अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा। फिलहाल, खराब सामग्री को हटाकरसुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।’

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी ठेकेदार और लापरवाह इंजीनियरों के खिलाफ कड़ी आर्थिक पेनाल्टी लगाने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाए।