छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के कटकोना कालरी में पदस्थ कर्मचारी बसंत लाल का शव 26 फरवरी को उसके घर में फांसी पर झूलता मिला था। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।
मामले की जांच में पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया है। मां और बेटा उसकी शराब पीने की आदत से परेशान थे, इसलिए दोनों ने मिलकर बसंत लाल की पहले डंडों से पिटाई कर दी और डंडे से गला दबा दिया। इसके बाद दोनों ने हत्या की वारदात को आत्महत्या बताने के लिए उसके शव को घर के पीछे आंगन में फांसी पर लटका दिया। मामला पटना थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कटकोना कालरी में काम करने वाले बसंत लाल (59 साल) का शव 26 फरवरी की सुबह उनके माइनस कॉलोनी स्थित घर में फांसी पर लटका मिला था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जांच के दौरान शव पर चोट के निशान भी मिले थे। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।
हत्या कर फांसी पर लटकाया शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मृतक के परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि बसंत लाल शराब पीने का आदी था। वह एक महीने से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था और अपनी पत्नी और बच्चों को खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता था। इसी वजह से परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे।
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच में पता चला कि बसंत की पत्नी शालू और बेटे जितेंद्र ने परेशान होकर बसंत लाल की हत्या की साजिश रची। 25 फरवरी की रात दोनों ने मिलकर बसंत लाल की पहले डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद डंडे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या की साजिश को छिपाने शव को फंदे पर लटकाया
हत्या के बाद साजिश को छिपाने के लिए मां और बेटे ने शव को घर के पीछे आंगन में फांसी के फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
घटना की सूचना खुद मृतक के बेटे जितेंद्र ने थाने में दी थी। बसंत लाल के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा सिकंदर डबरीपारा में रहता है और उस समय घर में नहीं था। घर में उसकी एक बेटी रीना थी, जिसने सुबह शव देखा, लेकिन उसे हत्या की जानकारी नहीं थी।
मामले में पुलिस ने शालू (58 वर्ष) और जितेंद्र प्रसाद (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।