छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने तीसरे फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को झारखंड से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला तमनार ब्लॉक के ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन का है, जहां अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी।
खेत से मिले 60 हजार से ज्यादा अफीम के पौधे
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एएनटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान खेत में 60,326 अफीम के पौधे पाए गए, जिनका कुल वजन लगभग 2877 किलोग्राम बताया गया।पूछताछ में मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने साथियों के साथ मिलकर अफीम की अवैध खेती करना स्वीकार किया।
15 लाख की अफीम भी बरामद
पुलिस को आरोपियों के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम भी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
झारखंड से आरोपी की गिरफ्तारी
फरार आरोपियों की तलाश के लिए तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था। इस दौरान 22 मार्च को स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया था।
तीसरे आरोपी को भी दबोचा
वहीं तीसरा फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष) निवासी ग्राम जापुद पहाड़टोली थाना तोरपा जिला खूंटी को पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का अभियान जारी
इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि, ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान जारी रहेगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।