देवभोग ब्लॉक में दबिश, 6.5 लीटर महुआ शराब जब्त….
लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में देवभोग ब्लॉक के ग्राम ढोडरा में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर अवैध रूप से महुआ शराब बनाने और रखने के मामले में एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ढोडरा, थाना देवभोग निवासी देवानंद सिन्हा के खिलाफ अवैध महुआ शराब के मामले में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.500 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1300 रुपये बताई गई है।
मामले में आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार निगरानी और दबिश की कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत ग्राम ढोडरा में भी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक नागेश राज श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी विभाग का स्टाफ शामिल रहा। टीम ने मौके पर जांच करते हुए अवैध शराब बरामद की और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।