मरवाही पुलिस ने बैंक में उठाईगिरी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 24 मार्च को जिला सहकारी बैंक मरवाही से 75 वर्षीय बुजुर्ग लालचंद पावले के थैले से 20,000 रुपये चुराए थे। पुलिस ने चोरी की गई रकम और घटना में घटना में यूज़ 2 बाइक भी जब्त की हैं।
घटना के बाद, पीड़ित लालचंद पावले की शिकायत पर थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने एक विशेष टीम गठित की। इस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा और एसडीओपी राजेश देवांगन का मार्गदर्शन रहा।
पुलिस टीम ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टेक्निकल एविडेंस और मुखबिर की सूचना के आधार पर, आरोपियों की तलाश पड़ोसी जिले एमसीबी में की गई।
लालपुर, मनेन्द्रगढ़ निवासी चार युवकों को हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान अक्षय कुमार बसोर, समीर बसोर, अजय उर्फ छोटू बसोर और मुकद्दर बसोर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई रकम और घटना में यूज़ 2 बाइक बरामद कीं। पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह प्लानिंग कर के अपराध करता है।
इन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट और जुआ जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304, 331(3) और 112 के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।