नारायणपुर जिले के अदनार इलाके में पुलिस और BSF की संयुक्त सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का पुराना हथियार डंप बरामद हुआ है। सुरक्षा बलों ने डंप से 10 राइफल, 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 13 जिंदा BGL शेल, कारतूस और करीब 2 किलो विस्फोटक बरामद किया है। यह कार्रवाई 29 अगस्त को अदनार के जंगल में की गई।
पुलिस के मुताबिक, नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अंदरूनी इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस और 129वीं वाहिनी BSF की संयुक्त टीम अदनार क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग कर रही थी।
सर्चिंग के दौरान ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा के जंगल में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के पूर्व में छिपाकर रखा गया डंप मिला। तलाशी लेने पर इसमें हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
डंप से यह सामग्री मिली
1. 303 राइफल – 1 2. 315 राइफल – 4 3. 12 बोर राइफल – 5 4. बैरल ग्रेनेड लॉन्चर – 2 5. टेलिस्कोपिक साइट – 1 6. जिंदा बीजीएल शेल – 13 7. 12 बोर कारतूस – 16 8. विस्फोटक पदार्थ – करीब 2 किलो
पुराने डंप की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके इलाकों में भी सुरक्षा बलों की सर्चिंग जारी है। जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों के पहले छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक डंप की तलाश की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों को पूरी तरह खत्म कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।