कोरबा में उद्योग मंत्री और सांसद के बंगले के पास शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एक नर्स पर चाकू से हमला किया गया

कोरबा में उद्योग मंत्री और सांसद के बंगले के पास शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एक नर्स पर चाकू से हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। यह घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस डी बंगला रोड पर हुई।

पंप हाउस निवासी युवती निजी अस्पताल के लैब में नर्स है। वह रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी पर निहारिका स्थित लैब जा रही थी। इसी दौरान पंप हाउस रोड पर मंत्री और सांसद के बंगले के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने युवती की पीठ पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए। चाकू युवती की पीठ में ही फंसा रह गया।

युवती के दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल

हमले के बाद युवती ने अपने दोस्त को फोन पर घटना की जानकारी दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और युवती की पीठ में चाकू फंसा देखकर उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि युवती से प्राथमिक जानकारी ली गई है। उसने बताया कि वह पैदल काम पर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से हमला कर दिया और फरार हो गए। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल, युवती हमला करने वाले युवकों को पहचान नहीं पाई है। पुलिस उनकी पहचान और घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने का प्रयास कर रही है।