महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़फुलझर में एक प्रेमी ने अपनी विवाहित प्रेमिका को ब्लेड मारा और फिर बिजली के तार छूकर अपनी जान दे दी

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़फुलझर में एक प्रेमी ने अपनी विवाहित प्रेमिका को ब्लेड मारा और फिर बिजली के तार छूकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव में एक युवक का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। बसना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान राजेश बारिहा (25), निवासी कांदाडोगर, थाना झारबंद (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेश का ओडिशा के चमरडीह गांव की एक महिला के साथ पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध था।

बताया जा रहा है कि महिला नवरात्रि मेला देखने अपने पति के साथ मायके गढ़फुलझर आई हुई थी। इसी दौरान राजेश भी अपने रिश्तेदार के घर गांव में मौजूद था। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच महिला के बुलाने पर राजेश उससे मिलने उसके घर के बाहर पहुंचा।

रात की इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर राजेश ने अपने पास रखे सेविंग ब्लेड से महिला के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद राजेश मौके से भागा नहीं। वह पास ही एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया और बिजली के मेन लाइन तार को पकड़कर अपनी जान दे दी। सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।