सौतेली बेटी-पत्नी की हत्या करने वाला गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में 1 अप्रैल को बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और लोटा भी बरामद कर लिया है।

मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव का है। बुधवार को आरोपी गुलाब साहू ने पहले पत्नी हेमलता साहू (35) पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर बेटी चित्रा साहू (22) को भी मार डाला। जांच में सामने आया कि गुलाब अपनी पत्नी हेमलता के चरित्र पर शक करता था।

इसी वजह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और पिता का सौतेली बेटी से भी झगड़ा हुआ था। बीच-बचाव करने के दौरान आरोपी ने गुस्से में पत्नी और बेटी दोनों की हत्या कर दी।

खून से लथपथ मिली थी मां-बेटी की लाश

पुलिस के मुताबिक नवनीत कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बड़ी बहन हेमलता साहू पिछले दो साल से सेमरिया में गुलाब राम साहू के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी।

1 अप्रैल 2026 की दोपहर उसकी छोटी बहन नीतू ने फोन कर बताया कि हेमलता और उसकी बेटी चित्रा साहू की घर में ही हत्या कर दी गई है, जब परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों की लाशें जमीन पर पड़ी थी। सिर और चेहरे पर गहरे जख्म थे।

लोटे और टंगिया से किया ताबड़तोड़ हमला

जांच में पता चला कि आरोपी गुलाब राम साहू ने मामूली विवाद के बाद आपा खो दिया था, उसने पास रखे कांसे के लोटे और कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला किया, जिससे मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर खून से सना लोटा और कुल्हाड़ी भी पड़ी मिली, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पहले बेटी, फिर बचाने आई पत्नी को मारा

पुलिस के अनुसार आरोपी का अपनी बेटी से विवाद शुरू हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी बेटी पर हमला कर दिया, जब पत्नी बीच बचाव करने आई तो आरोपी ने गुस्से में दोनों की हत्या कर दी।

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुलाब राम साहू को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सोनसरी का रहने वाला है और वर्तमान में सेमरिया में रह रहा था।