कोरबा पुलिस ने अस्पताल कर्मचारी की मौत के मामले में एक सरपंच को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप है, जिसके बाद कर्मचारी की मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने मंगलवार को यह कार्रवाई की।
यह घटना 30 मार्च को जिला मेडिकल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में हुई थी। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी जी. बाल कृष्ण चनाइया (61) के साथ आरोपी सरपंच जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश को शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने चनाइया का कॉलर पकड़कर उन्हें दीवार पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घायल पीड़ित को तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान 6 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम कक्ष के कर्मचारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया और कक्ष में ताला लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार को आरोपी जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटेलपारा, ग्राम बेंदरकोना का निवासी है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।