रायपुर में मंत्रालय की बस में आग लगने की घटना के बाद गुरुवार को कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी मंत्रालय के मेन गेट पर इकट्ठा हुए और बसों के मेंटेनेंस को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। बसों के रेगुलर जांच और मेंटेनेंस की मांग की।
दरअसल, बुधवार शाम मंत्रालय से करीब 35 कर्मचारियों को लेकर रायपुर के कबीर नगर जा रही सिटी बस में अचानक आग लग गई थी। बस रवाना होने से पहले ही उसके निचले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगीं। बस में सवार सभी कर्मचारी तुरंत बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब 20 मिनट में बस लगभग पूरी तरह जल गई।
बस में नहीं था फायर एक्सटिंग्विशर
कर्मचारियों का कहना है कि बस में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर तक नहीं था। आग लगने के बाद मंत्रालय परिसर में रखे 10-10 किलो के दो फायर एक्सटिंग्विशर लाकर आग बुझाने की कोशिश की गई। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
कर्मचारी संघ का कहना है कि बसों की खराब स्थिति और मेंटेनेंस को लेकर वह लंबे समय से रजिस्ट्रार शाखा और एनआरडीए के अधिकारियों से चर्चा करता रहा है। कर्मचारियों ने बसों की नियमित जांच और समय पर मेंटेनेंस कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए बसों की व्यवस्था में सुधार जरूरी है।