छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गुरुवार को कुएं से बोरी में भरा युवक का शव बरामद हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गुरुवार को कुएं से बोरी में भरा युवक का शव बरामद हुआ। सिर और कंधे पर चोट के निशान मिले। शव 20 से 25 दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, जांच शुरू की। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र लभराखुर्द गांव का है।

जानकारी के मुताबिक कुआं यश पोल्ट्री फॉर्म के पास ही है। पुलिस का कहना है कि शव को प्लानिंग के तहत छिपाया गया था। मौके से खून से सनी शर्ट और महिलाओं का लेगिंग बरामद हुआ है। हालांकि युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान करने में जुट गई है। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे है।

ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार सुबह लभराखुर्द गांव का एक व्यक्ति बकरी चराते हुए लिफ्ट एरिगेशन कुएं के पास पहुंचा। पानी कम होने पर उसे कुएं में एक बोरी दिखाई दी और तेज दुर्गंध महसूस हुई।

उसने तत्काल कोटवार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सी की मदद से बोरी को कुएं से बाहर निकाला।

शव को प्लानिंग के तहत ठिकाने लगाया

बोरी खोलने पर अंदर एक युवक का शव मिला, जिसकी उम्र लगभग 30 से 35 साल आंकी जा रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि शव को प्लानिंग के तहत ठिकाने लगाया गया था। युवक के पैरों को मोड़कर उसे दो अलग-अलग बोरियों में भरा गया था।

20 से 25 दिन पुराना शव

इन बोरियों में बड़े पत्थर, बोल्डर और मुरूम भरे गए थे, ताकि शव पानी में डूबा रहे और सतह पर न आ सके। बोरियों को महिला की साड़ी के टुकड़ों से कसकर बांधा गया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को छिपाने की पूरी योजना बनाई थी।

फॉरेंसिक जांच के अनुसार शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना है। पानी में डूबे रहने के कारण शरीर का अधिकांश हिस्सा अधिक सड़ा नहीं है, लेकिन सिर का हिस्सा पूरी तरह गल चुका है। इस कारण मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

शव के सिर और कंधे के पीछे गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जो हत्या की ओर स्पष्ट संकेत देते हैं। पुलिस एक से अधिक लोगों के हत्या में शामिल होने की आशंका जता रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

महिला के कपड़े और खून से सने सामान बरामद

शव के पास खून से सनी शर्ट, महिलाओं का लेगिंग बरामद हुआ है। टी-शर्ट की जेब से 100 और 200 रुपए के नोट मिले। एक गुलेल भी बरामद हुआ। महिला के कपड़ों की मौजूदगी से नए एंगल पर जांच शुरू हुई।

CCTV और गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं पूरे जिले के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि शव को यहां तक लाने वालों की पहचान की जा सके।

हत्या में कई लोगों के शामिल होने की आशंका

पुलिस और फॉरेंसिक टीम का मानना है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं, जिस तरह से शव को बोरी में भरकर पत्थरों के साथ कुएं में फेंका गया, वह अकेले व्यक्ति के बस की बात नहीं लगती।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू पर गहराई से छानबीन की जा रही है।