रायपुर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 61 साल की महिला से 6 लाख 89 हजार 100 रुपए की ठगी हो गई

Chhattisgarh Crimesरायपुर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 61 साल की महिला से 6 लाख 89 हजार 100 रुपए की ठगी हो गई। ठगों ने महिला को वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर पहले निवेश से जुड़ी जानकारी दी, फिर कम समय में अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।

उनकी बातों में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमलीडीह के गोल्डन टावर में रहने वाली भावना चंदानी (61) से आरोपियों ने तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया था। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती थीं। इसी के जरिए महिला को निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया गया।

आरोपियों के कहने पर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6,89,100 रुपए जमा कर दिए। शुरुआत में निवेश के नाम पर बातचीत होती रही, लेकिन जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। राजेंद्र नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।