बिलासपुर के मोपका क्षेत्र में एक युवक पर घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। यह घटना बंजारीपारा मोपका में शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब तीन नकाबपोश बदमाश विनय कुमार साहू के घर पहुंचे।
विनय कुमार साहू (30 वर्ष) ने जैसे ही दरवाजा खोला, बाहर खड़े एक आरोपी ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घबराकर विनय ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद तीनों हमलावर मौके से भाग गए।
घायल विनय ने अपने परिजनों को सूचित किया और इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां वे फिलहाल भर्ती हैं। पीड़ित विनय साहू ने आशंका जताई है कि आरोपी लूटपाट के इरादे से उनके घर आए थे और विरोध करने पर उन्होंने हमला कर दिया। उन्होंने घटना की जानकारी सिम्स चौकी में दी है।
शादी का कार्ड देने के बहाने दरवाजा खुलवाया
विनय के अनुसार, हमलावरों ने शादी का कार्ड देने का बहाना बनाकर दरवाजा खटखटाया था। इसी झांसे में उन्होंने दरवाजा खोला, उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उन पर हमला किया जाएगा।
विनय ने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे ढकने के लिए लाल, पीला और सफेद रंग के अलग-अलग नकाब पहने हुए थे। उन पर हमला करने वाले आरोपी ने सफेद रंग का नकाब पहन रखा था।