छत्तीसगढ़ के कांकेर में पुलिस ने बहनोई को आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज फैलाए थे। मामला चारामा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बहन ने 25 मार्च को चारामा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 और 25 मार्च 2026 को उसके बहनोई मुकेश ठाकुर ने अपने मोबाइल नंबर से कई इंस्टाग्राम आईडी बनाईं।
इन आईडी और व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल कर उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज वायरल किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 79, 75, 238, 319 बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67(ए), 66(डी), 66(ई) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में जुर्म स्वीकारा
घटना के बाद से आरोपी मुकेश ठाकुर फरार था, जिसकी तलाश की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज वायरल किए थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
आरोपी की पहचान मुकेश ठाकुर (30) निवासी धनगांव, बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 9 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।