बलौदाबाजार जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अर्जुनी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत एक महिंद्रा जीतो प्लस वाहन से सागौन के लट्ठे जब्त किए गए। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया था। 8 अप्रैल की रात लगभग 11:30 बजे बंगलापाली के पास दबिश देकर आरोपियों को लकड़ी सहित रंगे हाथों पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गंगाराम सागर (महकम), शिवप्रसाद केवट (सोनाखान), अंजोर साहू (मानाकोनी), कैलाश यादव (सोनाखान) और भुनेश्वर पटेल (महकम) शामिल हैं। जब्त की गई लकड़ी और वाहन को वन विभाग ने अपनी कस्टडी में ले लिया है, और आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

निगरानी और विशेष गश्त कर रहा है वन विभाग

वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार, वन विभाग अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और विशेष गश्त कर रहा है। इस कार्रवाई को वन संपदा की सुरक्षा और अवैध कटाई एवं परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।