अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की पेन्ड्रा नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने देश और छत्तीसगढ़ प्रदेश से नक्सलवाद के अंत के प्रतीक के रूप में एक प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। यह शवयात्रा पेन्ड्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने नक्सलवाद विरोधी नारे लगाए और देश की आंतरिक सुरक्षा को चुनौती देने वाली ताकतों के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। अंततः यह शवयात्रा दुर्गा चौक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ नक्सलवाद के पुतले का दहन किया।
नक्सलवाद लोकतंत्र और विकास में बाधा
इस कार्यक्रम में हाल ही में नक्सली हमलों में शहीद हुए जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एबीवीपी पेन्ड्रा नगर मंत्री श्रेयांश पांडेय ने कहा कि नक्सलवाद हमारे लोकतंत्र और विकास के मार्ग में एक बड़ी बाधा है, जो केवल हिंसा और रक्तपात पर आधारित है। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए बस्तर से लेकर पूरे देश में शांति एवं सुरक्षा की कामना की।
एबीवीपी नगर सह मंत्री आदित्य चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये प्रयास सभी को नई दिशा प्रदान करते हैं और भारत को विश्वगुरु बनने की दिशा में सशक्त बनाते हैं।
इस कार्यक्रम में गौरेला नगर मंत्री रूप सेन, सुमन ग्वास, विभव नामदेव, आयुष चंद्रा, विकास सोनकर, सुहानी बर्मन, शौर्य जैसवाल, अभय ताम्रकार, श्याम गुप्ता, यश राठौर, अंश वर्मा सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।