दुर्ग जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में 16 अप्रैल को पुलगांव, जामगांव आर और मोहन नगर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।

इन मामलों में एक युवक धारदार हथियार लहराकर दहशत फैला रहा था, वहीं मोबाइल टावर से केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। तीसरे मामले में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस ने शिकंजा कसा।

धारदार हथियार लहराकर धमका रहा था युवक

पुलगांव थाना क्षेत्र में एक युवक सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पोटिया रोड नाला किनारे एक युवक लोहे का धारदार हथियार लेकर आमजन में भय पैदा कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान पोटिया कुंदरा पारा, दुर्ग निवासी राजू उर्फ संतलाल जांगड़े (19) के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

टावर से कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

वहीं, जामगांव आर पुलिस ने मोबाइल टावर से कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। 15 अप्रैल को इंडस मोबाइल टावर के सुपरवाइजर वरुण कुमार चंद्राकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम गुढ़ियारी स्थित टावर से लगभग 20 मीटर केबल वायर चोरी कर लिया गया था, जिसकी कीमत करीब 12 हजार बताई गई है।

पुलिस ने जांच शुरू की और संदेहियों की तलाश में दबिश दी। ग्राम गुढ़ियारी मसाला चौक में पुलिस ने घेराबंदी कर 3 आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव विश्वकर्मा (23), शिव बंजारे (22) और एक नाबालिग शामिल हैं। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर केबल वायर और घटना में इस्तेमाल कटर बरामद किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, 30 पौवा मदिरा जब्त

इधर, मोहन नगर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर भी बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि धमधा नाका स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति बैग में देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया, जो भागने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम शैलेन्द्र सागरवंशी (30), निवासी राम नगर उरला, दुर्ग बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 30 पौवा देशी मसाला मदिरा (कुल 5.40 बल्क लीटर) और एक काला बैग बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।