छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मवेशी तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” शुरू किया है। लैलूंगा क्षेत्र के मवेशी तस्कर ने पुलिस की कार्रवाई से डरकर सरेंडर कर दिया है और आगे से तस्करी न करने की बात कही। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम करवाजोर का रहने वाला रब्बुल खान (39) लंबे समय से मवेशी तस्करी कर रहा था। उसके खिलाफ 2023 और 2026 में भी गौ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
फरवरी में उसके गिरोह के साथी देवानंद यादव को 16 मवेशियों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस समय पूछताछ में रब्बुल खान का नाम सामने आया था।
इसके बाद से वह पुलिस से बचकर फरार चल रहा था। लेकिन पुलिस की लगातार तलाश और “ऑपरेशन शंखनाद” के चलते उसके छिपने के सभी ठिकाने खत्म हो गए।
आखिरकार वह पकड़ा गया और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने आगे से मवेशी तस्करी न करने की बात भी कही है।
कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लैलूंगा क्षेत्र के एक मवेशी तस्कर ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध छोड़ना चाहते हैं, उन्हें मौका दिया जाएगा, लेकिन जो लोग तस्करी करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।