छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक सड़क हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना तब हुई जब एक अन्य बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, जय स्तंभ चौक, रायपुर निवासी लालचंद नायक (52) और उनकी पत्नी कुसुम नायक (49) रायपुर से धमतरी आयुर्वेदिक दवा लेने आ रहे थे। सेमरा मोड़ के पास पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पति-पत्नी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लालचंद नायक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कुसुम नायक का इलाज अस्पताल में जारी है।सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बाइक चालक से पूछताछ की जा रही है। धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में सड़क हादसों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।