सरगुजा में खाद एवं औषधि विभाग और नगर निगम के संयुक्त टीम ने बस स्टैंड स्थित शिवम मिष्ठान और डेली नीड्स में छापा मारा। होटल में करीब 3 लाख रुपए से अधिक के एक्सपायर्ड फूड पैकेट बरामद किया है। होटल में खराब हो चुकी मिठाई बड़ी मात्रा में रखी गई थी।
मामले में दोनों दुकानों का लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। अंबिकापुर नगर निगम ने गंदगी फैलाने और एक्सपायरी सामग्री बेचने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
खाद्य एवं औषधि विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड फूड पैकेट मिले, जिनमें एक्सपायरी डेट को मिटाया गया था या मार्कर से छेड़छाड़ की गई थी।
होटल में जो मिठाइयां मिलीं हैं वे पूरी तरह से सूख चुकी थीं और खराब हो चुकी थी, जिसे काउंटर में रखकर बेचा जा रहा था। अमले ने खराब हो चुकी मिठाइयों को कचरा ढोने वाली गाड़ी से एस एल आर एम सेंटर भेजा, जहां उन्हें नष्ट किया जाएगा।
एक्सपायरी डेट मिटाई, 50 हजार रुपए का जुर्माना
खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। होटल संचालक द्वारा जान बूझकर एक्सपायर्ड पैक्ड फूड रखा गया था। बस स्टैंड में सामान्यतः ग्रामीण इलाकों से लोग आते हैं जो कम जागरूक होते हैं, जिन्हें होटल संचालक घटिया व एक्सपायर्ड सामान बेचा जा रहा था।
दुकानों के दो लाइसेंस हैं, जिन्हें सस्पेंड करने की कार्रवाई की जा रही है। दो दुकानों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
अन्य दुकानों पर भी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि विभाग के अनुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने लक्ष्मी स्वीट्स प्रोपराइटर मुकेश कुमार पर 10 हजार का जुर्माना,
छत्तीसगढ़ बर्फ फैक्ट्री पर 2000 जुर्माना, आरुषि स्वीट्स प्रोपराइटर गणेश कुमार पर 25000 का जुर्माना व गोल्डन आइस फैक्ट्री पर 3 हजार का जुर्माना लगाया है। इन सभी संस्थाओं की जांच में घटिया खाद्य सामान व गंदगी मिली थी।