धमतरी जिले में दो अलग-अलग आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। अर्जुनी और कोतवाली थाना क्षेत्रों में एक महिला और एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने दोनों मामलों में पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला मुजगहन निवासी गणेश्वरी नेताम का है, जिनकी शादी पांच साल पहले हुई थी और उनका दो महीने का एक बच्चा भी है। उन्होंने अपने ससुराल में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर तहसीलदार और पुलिस की टीम पहुंची।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला के परिवार से बातचीत में पता चला है कि वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान थी। उनके घर में कुछ दिनों पहले किसी की मृत्यु भी हुई थी, जिससे महिला मानसिक अवसाद में हो सकती है।
हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था युवक
दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के गुजराती कॉलोनी, पतंजलि नगर का है, जहां यशवंत साहू (26) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई की।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि यशवंत साहू लंबे समय से पुलिस और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे। वह बार-बार कुछ अंकों से असफल हो रहे थे, जिससे वह हताशा और डिप्रेशन में हो सकते हैं।
मौत का सही कारण जानने के लिए परिवार और दोस्तों से पूछताछ के बाद विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।