बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना अंतर्गत ग्राम अमेरा में मंगलवार रात एक बारात पर हमला हुआ

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के पलारी थाना अंतर्गत ग्राम अमेरा में मंगलवार रात एक बारात पर हमला हुआ। छिराही से आई बारात में बारातियों के साथ मारपीट की गई और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इस घटना में पांच बाराती घायल हो गए।

अमेरा निवासी हरिधर वर्मा के घर बेटी का विवाह चल रहा था, तभी कोसरिया परिवार के दर्जनों लोगों ने बारातियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने पर आरोपियों ने बारातियों की जमकर पिटाई की और कुछ को बंधक भी बना लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता और कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संज्ञान लिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इन निर्देशों के बाद रात्रि 12 बजे ही सिटी कोतवाली प्रभारी लकेश केवंट, भाटापारा ग्रामीण प्रभारी हेमंत पटेल और एसडीओपी अपूर्वा सिंह क्षत्रिय मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने रात में ही कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया था। सुबह मारपीट में शामिल महिलाओं को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है,महिलाएं भी शामिल

  • इनमें से 8 आरोपियों को जेल भेजा गया
  • 6 नाबालिगों को न्यायालय ने छोड़ दिया

गिरफ्तार किए गए वयस्कों में

संदीप कोसरिया (28), रोहित कोसरिया (36), मोतीलाल कोसरिया (45), गोकुल साहू (20), मोहित कोसरिया (30), बाबू लाल कोसरिया (58), संजय कोसरिया (40) और अंकित धावले (45) प्रमुख हैं।

इन धाराओं पर कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 324(5), 119(1), 127(2), 190, 191(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

घटना के बाद देर रात तक गांव में तनाव बना रहा। एसपी और कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद बारातियों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।