छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में भी शामिल रह चुका है। पुलिस ने सट्टा खेलने वाले एक अन्य युवक को भी पकड़ा है। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

रायगढ़ पुलिस की तरफ से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रविवार को कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि कुरकुट नदी पुल के पास पंजाब किंग्स इलेवन और गुजरात टाइटन्स के मैच पर बॉल-टू-बॉल ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना (28) को पकड़ा। उसके मोबाइल से सट्टे से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड, लेन-देन और दांव की जानकारी मिली

जांच में सामने आया कि रूपधर पटेल (22) ने आरोपी को 1500 ऑनलाइन ट्रांसफर कर सट्टा खेला था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने सट्टा खेलने की बात स्वीकार की।दोनों के पास से मोबाइल, कैश और अन्य सामान सहित 82,000 से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

पुराना अपराधी, रेप और डकैती केस में शामिल

पुलिस जांच में पता चला कि चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मार्च 2023 में दुष्कर्म का केस दर्ज है। जमानत के बाद रायपुर पंडरी में डकैती की वारदात शामिल रहा। लंबे समय से फरार रहते हुए ओडिशा-रायपुर-रायगढ़ में नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था।

SSP की चेतावनी

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सट्टा खेलने और खिलाने वाले दोनों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। युवाओं से अपील है कि ऐसे अवैध गतिविधियों से दूर रहें, वरना कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।