जशपुर जिले में पत्थलगांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से लंबे समय तक दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने 2021 से लेकर 2026 तक पीड़िता का शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर कहीं और सगाई कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्थलगांव थाना क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने 3 मई को शिकायत दर्ज कराई। उसके मुताबिक, फरवरी 2021 में एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात सुरेंद्र सिंह ठाकुर से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क गहरा होता गया।
पीड़िता ने बताया कि 23 मार्च 2021 को आरोपी ने उसे पत्थलगांव बुलाया। वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में उसे घुमाने ले गया और घर छोड़ने का बहाना बनाकर एक सुनसान जगह पर गाड़ी रोक दी। वहां शादी का झांसा देकर उसकी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया गया।
झांसा देकर लगातार शोषण का आरोप
शिकायत के अनुसार, पहली घटना के बाद आरोपी लगातार शादी का वादा करता रहा और इसी बहाने युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। 26 फरवरी 2026 को भी आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और किसी अन्य जगह सगाई कर ली।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर पत्थलगांव थाने में 31 वर्षीय आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 69 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
तुरंत कार्रवाई: गिरफ्तारी और जेल
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्ती:एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी का झांसा देकर शोषण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।