रायपुर में सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ की लूट हुई है। बाइक सवार लुटेरों ने तलवार से हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर भाग निकले। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं पुलिस केस दर्ज कर आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है।
मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित का नाम टीकाराम शर्मा है, जो ज्वेलरी शॉप में मैनेजर है। वह एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरे ब्रांच जा रहा था। आंधी-तूफान की वजह से वह रुका हुआ था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। तलवार से हमलाकर छीना बैग
पीड़ित ने घटना की जानकारी महावीर ज्वैलर्स के प्रबंधन को दी। पीड़ित के अनुसार बाइक सवार युवकों ने उस पर तलवार से हमला किया। हमले के बाद आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए। आरोपियों की संख्या दो से तीन के बीच बताई जा रही है।
संदिग्धों की तलाश शुरू
वहीं हमले में घायल मैनेजर को इलाज के लिए पास अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले में खरोरा थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में लूट की यह वारदात प्लानिंग के तहत लग रही है, क्योंकि बदमाशों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।