राजधानी रायपुर में 10 मई को होने वाले पहले IPL मैच के लिए मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। हालांकि टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या टीम के साथ मुंबई से रायपुर के लिए रवाना नहीं हुए। रोहित शर्मा बस में नमकीन खाते दिखे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस के बीच यह मैच शाम 7:30 बजे से शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
क्रिक बज की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार (6 मई) दोपहर मुंबई एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल-1 पर टीम के खिलाड़ी पहुंचे, लेकिन कप्तान पंड्या वहां नजर नहीं आए। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे बाद में टीम से जुड़ेंगे या नहीं।पंड्या ने टीम का पिछला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी नहीं खेला था। उस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली थी।
टीम ने बताया- पीठ में दर्द
टीम प्रबंधन ने पंड्या की गैरमौजूदगी की वजह पीठ में खिंचाव (बैक स्पाज्म) बताई थी। टॉस के समय सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि पंड्या ठीक महसूस नहीं कर रहे हैं, इसलिए वे उनकी जगह कप्तानी कर रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने साफ किया है कि पंड्या की गैरमौजूदगी की वजह सिर्फ चोट है, इसके अलावा कोई और कारण नहीं है। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर स्थिति अभी भी साफ नहीं है।
प्रदर्शन भी रहा साधारण
इस सीजन में पंड्या का प्रदर्शन बल्ले और गेंद दोनों से खास नहीं रहा है। ऐसे में उनकी लगातार गैरमौजूदगी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। लगातार दूसरे मैच में अनुपस्थिति और रायपुर नहीं जाने से फैंस के बीच सवाल बने हुए हैं कि क्या मामला सिर्फ चोट का है या इसके पीछे कोई और वजह भी है।
मैच की सभी टिकटें बिकीं
10 मई को होने वाले मैच की लगभग सारी टिकट बिक चुकी है। सिर्फ 8400 और 8000 इन दो कैटेगरी में ही टिकट्स बची हुई हैं। वहीं, 12 मई को होने वाले दूसरे मैच के लिए टिकट विंडो ओपन कर दी गई है। दर्शक https://shop.royalchallengers.com/ticket वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं।
इस बार सिर्फ डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे। 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी होगा। हर M-टिकट को केवल एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा। दर्शकों को एंट्री के लिए QR कोड मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही दिखाई देगा।
टॉपर्स को फ्री में देखने मिलेगा मैच
वहीं, 10 मई को होने वाले मैच के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 10th, 12th मेरिट में आए स्टूडेंट्स को फ्री में मैच दिखाने की व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां करीब 6 दिन तक रहेगी।
फिजिकल टिकट में रिडीम करने की जरूरत नहीं
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे। इन टिकटों को फिजिकल टिकट में रिडीम करने की जरूरत नहीं होगी। दर्शकों को एंट्री के लिए QR कोड मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही दिखाई देगा।
इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।