रायपुर में पुलिस ने मंगलवार को ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट से जुड़े नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में पुलिस ने मंगलवार को ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट से जुड़े नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस 9 संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ कर रही है।

आरोपी नमन और आयुष ऑनलाइन सट्‌टे की तीन वेबसाइट चला रहे थे। इस नेटवर्क के तार शहर के कुछ बड़े कारोबारियों और सर्राफा व्यापारियों से जुड़े हो सकते हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पूरे मामले का पुलिस आज शाम तक खुलासा करेगी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपी संगठित तरीके से सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। इसके लिए वे मास्टर आईडी और अलग-अलग पैनल के जरिए खिलाड़ियों को जोड़ते थे।

इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए गए हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

सराफा-होटल कारोबारियों से संपर्क

शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि, इस नेटवर्क के तार शहर के कुछ बड़े कारोबारियों और सर्राफा व्यापारियों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इन एंगल्स पर भी जांच कर रही है, ताकि पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जानकारी के मुताबिक आरोपी “तीन पैनल 777” नाम से सट्टा संचालन कर रहे थे, जिसमें अलग-अलग आईडी के जरिए खिलाड़ियों को जोड़ा जाता था।

यह नेटवर्क सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए तेजी से फैलाया जा रहा था। पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद निगरानी कर कार्रवाई की गई।

2 कार और 5 मोबाइल जब्त

इस पूरे मामले में तेलीबांधा पुलिस ने नमन जग्गी, आयुष जैन, मोहम्मद सरफराज समेत कई लोगों के खिलाफ दर्ज किया है। आरोपियों के पास से 2 कार, 5 मोबाइल और 6 हजार रुपए कैश जब्त किया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।