दुर्ग जिले के सुपेला स्थित दक्षिण गंगोत्री इलाके में एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए दुर्ग नगर निगम और बीएसपी की फायर टीम को भी तुरंत बुलाया गया। सभी टीमों ने मिलकर काफी मेहनत के बाद आग को बुझाया।
जानकारी के मुताबिक, आग शोरूम के चौथे फ्लोर पर लगी थी। इस फ्लोर पर बड़ी मात्रा में कार्टून रखे हुए थे, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक सामान भरा हुआ था। इसी वजह से आग तेजी से फैलने लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी पूरी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है। समय रहते फायर टीम के पहुंचने से स्थिति को संभाल लिया गया।
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
हालांकि इस घटना के बाद शोरूम की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर मौजूद टीम को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, टीम को चौथे फ्लोर तक पहुंचने के लिए सही रास्ता नहीं मिल पा रहा था। इसके चलते आग तक पहुंचने में देरी हुई।
दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन जगह की कमी और अंदर जाने के सीमित रास्तों की वजह से काम मुश्किल हो गया। टीम ने टीन शेड हटाने की भी कोशिश की, लेकिन वहां पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण इसमें भी काफी समय लगा।
शार्ट-सर्किट से आग की आशंका
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शो रूम के चौथे माले पर आग लगी थी। जिसे निगम और बीएसपी की फायर टीम ने कंट्रोल कर लिया है। जानकारी के अनुसार शार्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बाकी जांच के बाद स्पष्ट होगा कि आखिर आग कैसे लगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर यह भी देखा गया कि शोरूम में आग से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं थे। फायर सेफ्टी के उपकरणों की कमी साफ नजर आई। फिलहाल आग पूरी तरह से काबू में है और स्थिति सामान्य हो गई है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच की तैयारी कर रहा है।