छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में अकेली महिला से रेप का मामला सामने आया है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में अकेली महिला से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में रहने वाले 17 साल लड़के ने महिला को डराकर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया।

मामला रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 32 साल की महिला ने रैरूमाखुर्द चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 15 जुलाई को उसके बच्चे स्कूल गए थे, जबकि उसका पति किसी काम से धरमजयगढ़ गया था। इसी दौरान गांव में रहने वाला 17 साल के लड़का उसके घर पहुंचा।

महिला को घर में अकेला देखकर उसने उसे डराया-धमकाया और जबरदस्ती रेप किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग गया। डर और बदनामी के कारण महिला ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।

बाद में आरोपी बोर गाड़ी में काम करने के लिए तमिलनाडु चला गया। इसके बाद महिला ने किसी तरह अपने पति को घटना की जानकारी दी। पति की सलाह पर महिला रैरूमाखुर्द चौकी पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(1) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी वापस अपने गांव आ गया है। इसके बाद रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी ने अपचारी बालक से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।