धमतरी में पैसे के विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना भखारा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में हुई। मृतक की पहचान अनु निर्मलकर (65) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अनु निर्मलकर के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ महीने पहले अपने दोस्त चीकू दीवान से एक बाइक उधार ली थी। यह बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसके मरम्मत पर करीब 24 हजार रुपये का खर्च आया था।
साहिल ने मरम्मत के लिए 5 हजार रुपये दिए थे, लेकिन चीकू दीवान और उसके दो अन्य साथी बाकी पैसों की मांग को लेकर अनु निर्मलकर के घर के पास महावीर चौक पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग अनु निर्मलकर से विवाद करना शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने अपने पास रखे धारदार हथियार से अनु निर्मलकर के गले पर वार कर दिया। खून से लथपथ बुजुर्ग को तुरंत धमतरी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी चीकू दीवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।