रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से स्कूटी में दो बोरों में गांजा भरकर रायगढ़ ला रहे 3 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो से ज्यादा गांजा और स्कूटी जब्त की गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को बुधवार को सूचना मिली थी कि, ओडिशा की ओर से नीले रंग की स्कूटी में तीन युवक गांजा लेकर रायगढ़ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस ने ग्राम संबलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तीनों युवकों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपनी पहचान विजय एक्का (34) निवासी नारायणपुर मुड़ापारा, हेमसागर यादव (43) निवासी लैलूंगा और परमेश्वर यादव (45) निवासी फरसाटोली, जिला जशपुर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान हेमसागर यादव के कब्जे से दो बोरों में रखा 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 81 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बेचने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा और स्कूटी जब्त कर ली। मामले में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
SSP बोले- नशे के कारोबार पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध कारोबार पर लगातार नजर बनाए हुए है।