छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री के पति के साथ हवाई फायरिंग करती नजर आ रही है। बच्चे, लड़कियां और महिलाएं भी हथियार लहराते दिख रहे हैं। ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो पोस्ट किया गया है।
हर्ष फायरिंग के वीडियो पर पुलिस ने कहा, शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पूरे मामले की जांच कराएंगे। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ी हुई है। कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार को सख्त उठाना चाहिए।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मामला रायपुर के एक शादी समारोह का है, जहां भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी थी। समारोह में रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में जमकर हवाई फायरिंग की गई।
वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ लड़कियां और महिलाएं भी बंदूक और पिस्टल से फायर करते दिखाई दे रही हैं। कार्यक्रम में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया।
चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं ऋतुपर्ण सिंह
बताया जा रहा है कि ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी मोनिका सिंह भाजपा से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। शादी समारोह में हुई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है।