छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगल में नक्सली डंप से 1 करोड़ कैश मिला है। मंगलवार को अबूझमाड़-महाराष्ट्र बॉर्डर से लगे जंगल में सुरक्षाबलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से बड़ी मात्रा में कैश और नक्सली सामान जमीन पर गढ़ा हुआ मिला, जिसे बरामद किया गया है।
डंप में IED बनाने का सामान, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान था। वहीं, कुछ पोस्टर भी मिले हैं, जो नक्सलियों के लीडर के बताए जा रहे हैं। इतनी बड़ी रकम कहां से आई पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जिले में 1 महीने से सर्चिंग अभियान जारी
‘माड़ बचाओ अभियान’ के तहत ये कार्रवाई नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने की। नारायणपुर SP रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि, पिछले एक महीने से जिले में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान अलग-अलग जगहों पर नक्सलियों के छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री के डंप का पता चला।
1 साल में 270 हथियार बरामद
एसपी ने बताया कि साल 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियार रिकवर किए जा चुके हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगलों या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और केंद्रीय बलों को दें, ताकि जिले को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाया जा सके।