मनेन्द्रगढ़ शहर के एक स्कूल परिसर में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला

Chhattisgarh Crimesमनेन्द्रगढ़ शहर के एक स्कूल परिसर में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। इस घटना से इलाके में लोग जमा हो गए। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बबिता यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बबिता सोमवार दोपहर अपने घर से केवाईसी कराने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक वह घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

मंगलवार सुबह लोको मुहल्ले स्थित मदन प्रसाद स्कूल के अहाते में लोगों ने एक थैला और चप्पल देखा। यह स्कूल पिछले दो साल से बंद है। अंदर जाकर देखने पर महिला का शव फंदे पर झूलता हुआ पाया गया।

पुलिस ने मामले की शुरू की जांच

वार्ड पार्षद सपन महतो को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं ताकि महिला की मौत के कारणों का पता चल सके।