छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नकली पनीर बनाने की शिकायत पर राजस्व, खाद्य-औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। करीब 3 एकड़ में चल रही इस फैक्ट्री में 300 किलो पनीर मिला है। टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। भालेसर रोड स्थित वैद्या फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में तैयार पनीर रायपुर और ओडिशा तक भेजा जा रहा था।
बता दें कि नकली पनीर और मिलावटी सामान के खिलाफ प्रदेश में आज (17 अगस्त) से फूड डिपार्टमेंट विशेष अभियान चला रहा है जो 23 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग जिलों में दुकानों, होटलों और फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे। जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री कानपुर के रहने वाले शोभित की बताई जा रही है। रविवार देर रात जिला प्रशासन की टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी। इस दौरान वहां रीब 10 से 12 कारीगर काम कर रहे थे, जो कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले थे।
जांच के दौरान फैक्ट्री में 300 किलो पनीर मिला। उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह होने पर अधिकारियों ने तैयार पनीर को जब्त कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि भालेसर में यह फैक्ट्री करीब एक साल से संचालित हो रही थी।
टेस्ट के लिए भेजा जा रहा सैंपल
प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान करीब 300 किलो तैयार पनीर जब्त किया गया है। सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को अगले दिन सुबह नियमानुसार खोलकर पनीर की जांच की गई। अधिकारियों ने पनीर का सैंपल लिया है, जिसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा जा रहा है।